देवघर और बासुकीनाथ धाम में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अगस्त की निर्धारित तारीखों में किया जाएगा। रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेनें 10, 11, 17, 18, 24 और 25 अगस्त 2026 को चलेंगी। इससे बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकीनाथ धाम जाने वाले कांवड़ियों को यात्रा में सुविधा मिलेगी। बासुकीनाथ से पटना के लिए ट्रेन संख्या 03563 की विशेष सेवा शुरू होगी। यह ट्रेन 10, 17 और 24 अगस्त को शाम 4:45 बजे बासुकीनाथ से रवाना होगी। अगले दिन रात 1 बजे ट्रेन पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03564 पटना से 11, 18 और 25 अगस्त को रात 1:20 बजे चलेगी। यह ट्रेन सुबह 9 बजे बासुकीनाथ पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का ठहराव घोरमारा, मोहनपुर, देवघर, जसीडीह और सिमुलतला स्टेशन पर होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 03565 बासुकीनाथ से पटना के लिए भी विशेष सेवा देगी। यह ट्रेन 11, 18 और 25 अगस्त को सुबह 10:30 बजे बासुकीनाथ से खुलेगी। रात 8 बजे ट्रेन पटना पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव घोरमारा, मोहनपुर, जसीडीह और सिमुलतला स्टेशन पर होगा। पटना से जसीडीह के बीच ट्रेन संख्या 03566 भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 11, 18 और 25 अगस्त को रात 8:25 बजे पटना से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 2:50 बजे जसीडीह पहुंचेगी। इस ट्रेन का सिमुलतला स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है। रेलवे ने मधुपुर-नरकटियागंज रूट पर भी विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन संख्या 03567 मधुपुर से 11, 18 और 25 अगस्त को रात 1 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 12:25 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 03568 नरकटियागंज से इन्हीं तारीखों पर दोपहर 1:25 बजे चलेगी। अगले दिन सुबह 2:15 बजे यह ट्रेन मधुपुर पहुंचेगी। दोनों तरफ इस ट्रेन का ठहराव जसीडीह और सिमुलतला स्टेशन पर होगा। श्रावणी मेला के दौरान देवघर और बासुकीनाथ में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। कांवड़ियों की भारी भीड़ के कारण रेल यात्रियों की संख्या भी काफी बढ़ जाती है। इससे नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन से अतिरिक्त यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा। इससे भीड़ को नियंत्रित करने में रेलवे को मदद मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाने की दिशा में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पूर्व रेलवे के इस फैसले से मेला अवधि में देवघर और बासुकीनाथ जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।



