JharkhandStates

झारखंड में भारी बारिश का नया अलर्ट.

कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी.

Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। 17 और 18 अगस्त को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और मजबूत होने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश का दौर तेज हो सकता है। 16 अगस्त को दक्षिणी और आसपास के मध्य झारखंड में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और खूंटी में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका है।

17 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हो सकती है। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची और खूंटी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 अगस्त को मौसम प्रणाली का असर राज्य के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में अधिक दिखाई देगा। पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा और गढ़वा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

राजधानी रांची में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। 16 अगस्त को रांची में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 17 और 18 अगस्त को मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। गुमला के विष्णुपुर केवीके में सबसे अधिक 69.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। बहरागोड़ा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री दर्ज किया गया। लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button