राज्य में मौसम का मिजाज आने वाले दिनों में बदल सकता है। सोमवार को झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कोल्हान प्रमंडल के कुछ हिस्सों में वर्षा का अनुमान लगाया है। 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघ गर्जन की भी संभावना जताई गई है।
रांची और आसपास के इलाकों में सोमवार को आसमान में बादल बने रह सकते हैं। सुबह के समय दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास घना कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर से आसमान साफ होने लगेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। तापमान गिरने से सुबह और देर रात ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम केंद्र ने 24 से 28 नवंबर तक सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान दिया है। दिन बढ़ने के साथ कोहरा छंटने और मौसम साफ होने की उम्मीद है।
इस बीच राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग सभी जिलों में बारिश हुई है। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई। कोडरमा में सर्वाधिक 54 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। लातेहार में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि खूंटी में करीब एक मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश थमने के बाद तापमान में गिरावट का असर स्पष्ट होगा। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।



