झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति का मामला एक बार फिर हाईकोर्ट पहुंचा। सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट में इस संबंध में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार को छह सप्ताह के भीतर स्थायी नियुक्ति करने का निर्देश दिया। अदालत ने अगले वर्ष 12 जनवरी तक सरकार से अनुपालन रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश का पालन नहीं होने की स्थिति में वन विभाग के सचिव को 21 जनवरी को सशरीर उपस्थित होना होगा।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बोर्ड में पिछले छह वर्षों से स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नहीं होने पर गंभीर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राज्य में प्रदूषण रोकने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों के लिए इस संस्था में स्थायी अधिकारी की नियुक्ति आवश्यक है। लंबे समय से अस्थायी व्यवस्था के तहत कामकाज चलना उचित नहीं है।
याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि नियमों के मुताबिक इस पद पर स्थायी नियुक्ति की व्यवस्था होनी चाहिए। लेकिन सरकार ने अब तक नियमित रूप से पद नहीं भरा है। वर्ष 2021 से एक अधिकारी को प्रभारी मेंबर सेक्रेटरी बनाकर काम कराया जा रहा है। प्रार्थी ने इस अस्थायी व्यवस्था को समाप्त कर स्थायी नियुक्ति कराने की मांग की है। हाईकोर्ट ने सरकार को इस मामले में छह सप्ताह के भीतर जरूरी कार्रवाई करने को कहा है। अब सरकार को 12 जनवरी तक अदालत में अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करनी होगी। निर्धारित आदेश का पालन नहीं होने पर वन विभाग के सचिव की 21 जनवरी को व्यक्तिगत उपस्थिति अनिवार्य होगी।



