प्रवीण कुमार सिंह ने बोकारो गोड्डा इंजीनियरिंग छात्रों को प्रेरित किया.
लातेहार, 19 सितंबर 2025.
झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एवं एसडीएम रैंक पर प्रोन्नत प्रवीण कुमार सिंह ने आज सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज बोकारो और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज गोड्डा के संयुक्त इंडक्शन कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से मुख्य वक्ता के रूप में प्रेरक संबोधन दिया। यह सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला, जिसमें सैकड़ों नव नामांकित छात्र-छात्राएं शामिल हुए। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे अहम विषयों पर मार्गदर्शन दिया। प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत से हर मंज़िल पाई जा सकती है।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि कैसे एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने झारखंड प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफलता पाई। उन्होंने छात्रों से कहा, “सपने देखो, लेकिन उन्हें साकार करने का जुनून भी पैदा करो। हार मानना विकल्प नहीं है।” उन्होंने नौकरी, बिज़नेस और स्टार्टअप के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल और नैतिक मूल्य आवश्यक हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग छात्रों को सलाह दी कि वे “इंजीनियर विद वैल्यूज एंड एथिक्स” बनें, सामाजिक दायरा बढ़ाएँ और कार्य के साथ-साथ पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाना सीखें।
सत्र के दूसरे चरण में छात्रों ने करियर, प्रतियोगी माहौल, आत्मनियंत्रण, खेल-कूद और कम्युनिकेशन स्किल्स जैसे विषयों पर सवाल पूछे। प्रवीण कुमार सिंह ने धैर्यपूर्वक सभी प्रश्नों के उत्तर दिए और ध्यान, मेडिटेशन तथा “स्टॉप-चेक-गो” विधि के माध्यम से तनाव नियंत्रण के तरीके बताए। उन्होंने बुद्ध और अंगुलिमाल की प्रेरक कहानियों से उदाहरण प्रस्तुत किए। कॉलेज प्रशासन ने उनके विचारों को बेहद उपयोगी बताते हुए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि उनका जीवन संघर्ष व अनुभव निश्चित रूप से छात्रों को सही दिशा में प्रेरित करेगा। यह संयुक्त इंडक्शन कार्यक्रम दोनों संस्थानों के लिए अत्यंत सार्थक और यादगार बना।



