JharkhandStates

मौसम का बदला मिजाज, झारखंड में बढ़ेगी ठिठुरन.

रात का पारा 10 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान.

राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का असर अलग नजर आ रहा है। सुबह हल्की धुंध के बीच दिन की शुरुआत हो रही है। दोपहर में धूप तेज होने से अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। कई जिलों में लोगों को हल्की गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। इसके विपरीत शाम के बाद मौसम ठंडा हो जाता है। रात में तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है।

27 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लातेहार और रामगढ़ में पारा सबसे नीचे 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। राजधानी रांची में रात का तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना जतायी गयी है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर अधिक रहेगा। खुले और ऊंचाई वाले इलाकों में रात के समय ज्यादा ठिठुरन महसूस हो सकती है। ऐसे में सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, इसके बाद न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान भी लगभग इसी स्तर पर बना रह सकता है।

इस बीच कोल्हान प्रमंडल में अधिकतम तापमान अन्य क्षेत्रों के मुकाबले ज्यादा दर्ज किया गया है। चक्रवाती तूफान के लौटने और बादलों के हटने से वहां धूप का असर बढ़ा है। पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा में पारा 31.4 डिग्री रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। डालटनगंज में 26 डिग्री और बोकारो में 27.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र ने 25 से 30 नवंबर तक राज्य में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान जारी किया है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने की संभावना है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में सुबह धुंध रह सकती है। दक्षिणी हिस्से के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। उत्तर-पश्चिमी जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी सुबह मौसम धुंधला रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी इसी तरह की स्थिति बन सकती है। दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना रह सकता है। लेकिन सुबह और रात के समय ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button