JharkhandStates

रंगामाटी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई.

चार आरोपी जेल भेजे गए, दो की तलाश जारी.

दिवाली के दिन तमाड़ के रंगामाटी में हुई चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हमले में कांग्रेस महतो नामक युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। हालांकि, वारदात में शामिल दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं।

मृतक तमाड़ थाना क्षेत्र के गोमियाकोचा गांव का रहने वाला था। उसकी पत्नी पूजा कुमारी ने घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जानकारी के अनुसार, दिवाली के दिन ग्रामीणों ने रंगामाटी की शराब दुकान के पास मारपीट होने की सूचना दी थी। विवाद के दौरान एक युवक को चाकू मारने की बात सामने आई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाने लगी। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि विवाद की शुरुआत सड़क पर हॉर्न बजाने को लेकर हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अपने तीन दोस्तों के साथ सड़क पर बैठकर शराब पी रहा था। उसी समय आरोपी कार से वहां पहुंचे थे। हॉर्न बजाने के बावजूद रास्ता नहीं मिलने पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बिट्टु गुप्ता, टिंकु दास, गरुपदो मुंडा और निखिल भुमिज को गिरफ्तार किया है। राहुल मछुआ और मानिक मछुआ इस मामले के दो अन्य आरोपी हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू पुलिस को अभी नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों लोगों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों को पकड़ने और मामले की आगे की जांच में जुटी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button