त्योहारों का मौसम खत्म होने के साथ रांची से महानगरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। दीपावली और छठ के आसपास कई हवाई मार्गों पर टिकट की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग वेबसाइटों के किराया कैलेंडर में दो से 14 नवंबर तक की कीमतें इसकी पुष्टि करती हैं। अहमदाबाद, पुणे और मुंबई जाने वाली उड़ानों में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रांची से अहमदाबाद के लिए दो नवंबर को शुरुआती टिकट 7,379 रुपये में उपलब्ध था। 13 नवंबर तक यह किराया बढ़कर 12,814 रुपये हो गया। 14 नवंबर को टिकट की शुरुआती कीमत 14,284 रुपये तक पहुंच गई। इस तरह दो नवंबर के मुकाबले किराये में लगभग 94 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पुणे जाने वाले यात्रियों को भी महंगे टिकट खरीदने पड़ सकते हैं। इस रूट पर दो नवंबर से 14 नवंबर के बीच शुरुआती किराये में 8,773 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। पुणे के लिए किराये में करीब 88 प्रतिशत का उछाल आया है। 13 और 14 नवंबर को टिकट की कीमत 10,008 रुपये से लेकर 18,781 रुपये तक बताई जा रही है। मुंबई जाने वाली उड़ानों का किराया भी लगातार बढ़ रहा है। दो नवंबर को इस रूट पर शुरुआती टिकट 8,217 रुपये का था। 14 नवंबर को यह कीमत बढ़कर 13,848 रुपये हो गई। इस तरह मुंबई रूट पर किराये में लगभग 68 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
इन शहरों के लिए टिकट महंगा होने की एक बड़ी वजह सीमित उड़ानें और बढ़ती मांग है। रांची से पुणे और अहमदाबाद के लिए नॉन-स्टॉप उड़ानों के विकल्प कम हैं। इस कारण यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट से सफर करना पड़ता है। दीपावली आठ नवंबर को मनाई जाएगी। इसके बाद 11 नवंबर को भाई दूज का त्योहार है। त्योहारों के बाद कामकाज और पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग वापस लौटेंगे। पुणे, मुंबई और अहमदाबाद में औद्योगिक तथा आईटी क्षेत्र से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या है। 13 और 14 नवंबर को सप्ताहांत पड़ने से इन शहरों की ओर यात्रा करने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मांग बढ़ने और सीटें सीमित रहने से टिकट की कीमतों पर असर पड़ रहा है। दिल्ली के लिए रांची से प्रतिदिन सात सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। दो से आठ नवंबर तक इस रूट पर शुरुआती किराया 6,570 से 7,316 रुपये के बीच दर्ज किया गया है। कनेक्टिंग और शाम की उड़ानों में यात्रियों को 11,316 से 16,326 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं। बेंगलुरु के लिए प्रतिदिन पांच नॉन-स्टॉप उड़ानें हैं। दो नवंबर को यहां का शुरुआती किराया 8,200 रुपये था। चार से आठ नवंबर के दौरान यह 9,062 रुपये से शुरू हो रहा है। हैदराबाद के लिए टिकट की शुरुआती कीमत 8,895 रुपये है। कुछ उड़ानों का किराया 12,480 रुपये तक पहुंच रहा है।
विमान किराये को लेकर केंद्र सरकार ने भारतीय विमान नियम, 2026 को 31 अक्टूबर को राजपत्र में अधिसूचित किया है। इसके नियम 192 में असाधारण परिस्थितियों के दौरान सरकार को विशेष अधिकार दिए गए हैं। जनहित में सरकार एयरलाइंस को किराये के संबंध में लिखित निर्देश जारी कर सकती है। विमान किराये की निगरानी डीजीसीए की ओर से भी की जाती है। नए प्रावधानों के तहत एयरलाइंस को टिकट में मूल किराया, टैक्स और अन्य शुल्क का अलग-अलग विवरण देना होगा। हालांकि इन नियमों को एक जनवरी 2027 से लागू किया जाएगा। ऐसे में मौजूदा त्योहारों के दौरान यात्रियों को नए नियमों का लाभ नहीं मिलेगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने 22 सितंबर को स्पष्ट किया था कि सरकार त्योहारों के मौसम में विमान किराये की अधिकतम सीमा तय नहीं करेगी। उन्होंने एयरलाइंस को उचित कीमत पर टिकट उपलब्ध कराने की सलाह दी थी। इसके बावजूद रांची से अहमदाबाद, पुणे और मुंबई के किराये में हुई बढ़ोतरी यात्रियों की चिंता बढ़ा रही है।



