जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड मिले हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी तीन अलग-अलग तरीकों से लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते थे। कार्रवाई की शुरुआत पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद हुई। उन्होंने साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम तैयार कर छापेमारी का निर्देश दिया।
कार्रवाई के दौरान करमाटांड़ के देवलबाड़ी गांव से समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल को पकड़ा गया। दोनों की उम्र क्रमशः 25 और 26 वर्ष है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिस्टोपुर गांव से 22 वर्षीय खगेन दाँ गिरफ्तार हुआ। इसके अलावा जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से 37 वर्षीय उत्तम नाग को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए हैं।
जांच में सामने आया कि समरेश और प्रलाध आरटीओ ई-चालान के नाम पर फर्जी संदेश भेजते थे। वे व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे। फाइल इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी की जाती थी। खगेन दाँ का तरीका इससे अलग था। वह बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करता था। फिर एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी पूछकर बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेता था। इसके बाद ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के जरिए रकम निकालता या ट्रांसफर करता था।
चौथा आरोपी उत्तम नाग फोन-पे कैशबैक के नाम पर लोगों को झांसा देता था। वह 2,999 रुपये कैशबैक मिलने का संदेश भेजकर लोगों को ठगी के जाल में फंसाता था। पुलिस के अनुसार, समरेश मंडल पहले भी साइबर अपराध के एक मामले में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ कांड संख्या 35/22 दर्ज है। खगेन दाँ के खिलाफ भी साइबर थाना में कांड संख्या 70/21 और 56/25 दर्ज हैं। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे। अभियान में पुलिस बल के जवानों ने भी सहयोग किया। पुलिस ने आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। अनजान व्हाट्सऐप संदेशों से मिली APK फाइल इंस्टॉल करने से बचने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी जानकारी किसी को नहीं देनी चाहिए। ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता और सतर्कता जरूरी है।



