खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के तिमड़ा गांव में शुक्रवार रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया. मृतक की पहचान सुकरा महतो के रूप में की गई है. वहीं इस हमले में अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. घायल अर्जुन महतो को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोग इस घटना से काफी आक्रोशित दिखाई दे रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा. प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है. बताया जाता है कि सुकरा महतो को उसके नाना-नानी ने गोद लिया था. वह लंबे समय से अपने ननिहाल में ही रह रहा था. कानूनी तौर पर नाना-नानी की संपत्ति का अधिकार सुकरा महतो को था. इसी जमीन को लेकर रिश्तेदारों के बीच विवाद चल रहा था. मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन बताया जा रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार सुकरा महतो को पहले भी कई बार धमकियां दी गई थीं. इसके बावजूद विवाद का कोई समाधान नहीं निकल पाया था. शुक्रवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोपियों ने सुकरा महतो पर गोली चला दी. वहीं अर्जुन महतो गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है. टीम सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इस घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.



