रांची। ISC कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर CISCE ने आधिकारिक टाइम-टेबल जारी कर दिया है। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, पहली परीक्षा 9 फरवरी को आयोजित होगी। बोर्ड परीक्षाओं का समापन 8 अप्रैल को होगा। काउंसिल ने विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। परीक्षा अधिकारियों और विद्यार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। ज्यादातर विषयों के पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित हैं। आर्ट्स के कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 9 बजे से होगी। प्रश्न-पत्र मिलने के बाद उसे पढ़ने के लिए 15 मिनट दिए जाएंगे। दोपहर की परीक्षा में प्रश्न-पत्र 1:45 बजे और सुबह की परीक्षा में 8:45 बजे मिलेगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा कक्ष में बैठना होगा। केंद्र प्रमुखों को जांच के लिए परीक्षार्थियों की तलाशी लेने का अधिकार दिया गया है। नियमित छात्र निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर ही परीक्षा में शामिल होंगे। गैर-नियमित विद्यार्थियों को हल्के रंग के सभ्य कपड़े पहनने की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच और स्मार्ट रिंग ले जाना मना है। फिटनेस बैंड, वायरलेस ईयरबड्स और ब्लूटूथ डिवाइस भी नहीं ले जा सकेंगे। AI स्मार्ट चश्मे तथा इंटरनेट से जुड़ने वाले उपकरणों पर भी प्रतिबंध रहेगा। स्कैनर, ट्रांसलेशन और रिकॉर्डिंग पेन भी प्रतिबंधित सामान की सूची में हैं। किताबें, नोट्स और कागज की पर्चियां ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी।
विद्यार्थी अपने साथ एडमिट कार्ड और आवश्यक स्टेशनरी रख सकते हैं। परीक्षा के लिए नीले या काले पेन, पेंसिल, स्केल, इरेजर और शार्पनर मान्य होंगे। कैलकुलेटर के रूप में Casio fx-82 MS अथवा इसी तरह की सामान्य सुविधाओं वाला मॉडल इस्तेमाल किया जा सकता है। उत्तर-पुस्तिका में लिखने के लिए केवल नीले या काले पेन का उपयोग करना होगा। पेंसिल से सिर्फ डायग्राम बनाए जा सकेंगे। उत्तर-पुस्तिका के पहले पन्ने पर यूनिक आईडी और इंडेक्स नंबर दर्ज करना होगा। विद्यार्थियों को संबंधित विषय का नाम भी स्पष्ट लिखना होगा। नकल करने या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर परीक्षा परिणाम रद्द किया जा सकता है। दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने वाले छात्र के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। फर्जी पहचान पत्र के साथ पकड़े जाने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से बाहर किया जा सकता है और पुलिस को सौंपा जा सकता है।
ISC 2027 का रिजल्ट अप्रैल या मई महीने में घोषित होने की संभावना है। विद्यार्थी काउंसिल की वेबसाइट cisce.org पर परिणाम देख सकेंगे। परिणाम से संतुष्ट नहीं होने पर छात्र रीचेक या पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। दोनों प्रक्रियाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रीचेक का आवेदन परिणाम जारी होने के चार दिनों के भीतर करना जरूरी है। पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने की अवधि तीन दिन निर्धारित की गई है। रिजल्ट जारी होने के 60 दिनों बाद उत्तर-पुस्तिकाएं नष्ट कर दी जाएंगी। अपने अंकों में सुधार चाहने वाले विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों की इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकेंगे। इस परीक्षा में केवल थ्योरी के प्रश्न-पत्र होंगे। प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट के पहले से प्राप्त अंक ही अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे।



