JharkhandStates

शेरेगड्डा नाला के पास अफीम के साथ युवक पकड़ा गया.

ऑपरेशन क्लीन में पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल.

चतरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक किलो 80 ग्राम गीली अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने जब्त अफीम की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। आरोपी को सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास पकड़ा गया। यह कार्रवाई ऑपरेशन क्लीन के तहत की गई है।

सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। जवानों ने शेरेगड्डा नाला के आसपास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी बीच एक युवक हाथ में स्टील का केन लेकर वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। केन की तलाशी लेने पर उसमें से गीली अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए युवक की पहचान अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव का रहने वाला है। उसके पिता देवराज यादव हैं। पुलिस पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि उसके पिता भी पहले अफीम तस्करी के धंधे में शामिल थे। इस अवैध कारोबार के मामले में उनके पिता को जेल जाना पड़ा था। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है। छापेमारी में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और एसआई प्रियेश प्रसून मौजूद थे। उनके साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। पुलिस अब इस मामले में अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button