रांची : झारखंड में रविवार से मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान जताया है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। उत्तर-पश्चिम और मध्य झारखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव का असर रविवार से दिखाई देने लगेगा। शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर में सबसे अधिक 52.4 मिलीमीटर बारिश हुई। रांची में 7.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
डाल्टनगंज में 13.6 मिलीमीटर और चाईबासा में 9.4 मिलीमीटर बारिश हुई। बोकारो में 3.6 मिलीमीटर, खूंटी में 19 मिलीमीटर और लातेहार में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 अगस्त तक राज्य में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 10 अगस्त को दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 11 और 12 अगस्त को गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। 13 और 14 अगस्त को भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान है।
राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव बना रहेगा। 12 अगस्त तक दिन में एक से अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 13 और 14 अगस्त को भी राजधानी में बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, झारखंड में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21 फीसदी कम हुई है। राज्य में औसतन 465.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 590.8 मिलीमीटर है। चतरा में सामान्य से 55 फीसदी और गोड्डा में 57 फीसदी कम बारिश हुई है। देवघर में 46 फीसदी, गिरिडीह में 41 फीसदी और कोडरमा में 43 फीसदी बारिश की कमी दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 21 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है, जबकि रांची और साहिबगंज में करीब 8 फीसदी कमी रही है। आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से राज्य में बारिश की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है।



