झारखंड के रामगढ़ में बुधवार को एक दुखद घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। चूना भट्ठा तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी शिवम कुमार पासवान और छोटू पासवान के रूप में हुई है। शिवम 13 वर्ष का था, जबकि छोटू की उम्र 15 साल थी। दोनों छठ पर्व के अवसर पर अपने परिवार के साथ रामगढ़ आए हुए थे। परिवार सिरका कोलियरी में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां ठहरा था। उनके रिश्तेदार जीएम कार्यालय में निजी सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को परिवार के घर में पानी नहीं था। ऐसे में परिवार के सदस्य नहाने के लिए चूना भट्ठा तालाब पहुंचे। दोनों किशोर भी नहाने के लिए उनके साथ गए थे। इसी दौरान छोटू पासवान अचानक तालाब के गहरे पानी में चला गया। वह पानी में डूबने लगा तो शिवम ने उसे बचाने की कोशिश की। अपने चचेरे भाई को बचाने के लिए शिवम भी तालाब में उतर गया। लेकिन दुर्भाग्य से वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों किशोर डूब गए। परिजनों ने उन्हें बचाने के लिए काफी प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया।
परिजन दोनों को लेकर तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। छोटू के पिता संजय पासवान ने बताया कि पानी की कमी के कारण परिवार तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान छोटू डूबने लगा और उसे बचाने के प्रयास में शिवम भी अपनी जान गंवा बैठा। सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। छठ पर्व के दौरान हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। दो किशोरों की असमय मौत से इलाके में भी शोक का माहौल है।



