JharkhandStates

झारखंड में सर्द हवाओं का असर बढ़ने के आसार.

गुमला में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री, लातेहार में भी ठंड.

Ranchi: राज्य में सर्दी का मौसम धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगा है। गुरुवार को गुमला में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यहां रात का पारा 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लातेहार में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रांची में यह आंकड़ा 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले 24 घंटे में राज्य के तापमान में और गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जाने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए सुबह के मौसम को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। 12 नवंबर से 16 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छा सकता है। सुबह के समय धुंध रहने के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है।

राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। 12 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। 16 नवंबर को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

दूसरी ओर, गुमला में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। लातेहार में भी रात का तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। इससे दोनों जिलों में ठंड का असर बना रह सकता है। सुबह के समय कुहासा और रात में कम तापमान के कारण लोगों को सर्दी का अधिक एहसास होगा। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों को जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button