झारखंड में मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, 22 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में गरज के साथ वर्षा होने की भी संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कोहरा रहने का अनुमान भी जताया गया है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। अगले दिन यानी 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को सुबह कोहरा छाने के बाद आसमान साफ हो जाएगा। 25 नवंबर को भी मौसम का रुख इसी तरह रहने की संभावना है। 26 और 27 नवंबर को सुबह के समय कुहासा देखने को मिल सकता है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने का अनुमान है। तापमान में भी आने वाले दिनों में बदलाव हो सकता है। अगले 24 घंटों तक अधिकतम तापमान में विशेष अंतर नहीं आएगा। इसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक स्थिर रहेगा। इसके बाद रात के तापमान में कमी आ सकती है।
राजधानी रांची में 22 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा रहने की संभावना है। 23 नवंबर को आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। 24 और 25 नवंबर को सुबह कोहरा छाने के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। 26 और 27 नवंबर को भी सुबह कुहासा रहेगा। दिन के समय आसमान साफ रहने की उम्मीद जतायी गयी है।
जिलावार पूर्वानुमान के तहत मध्य झारखंड के नौ जिलों को शामिल किया गया है। इनमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद हैं। दक्षिणी क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले आते हैं। उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव अलग-अलग रूप में देखने को मिल सकता है।



